राज्य

कोलकाता से रांची आ रही बस में यात्री बनकर बैठे अपराधी, 29 लाख की लूट की

रांची/ बुंडू। रांची-टाटा मार्ग पर दशम फाल थाना क्षेत्र में नावाडीह के पास कोलकाता से रांची आ रही शिवम में सवार यात्रियों के साथ अपराधियों ने हथियार के बल पर 29 लाख 24 हजार की लूटपाट की। अपराधियों ने सब्जी कारोबारियों को निशाना बनाया। अन्य यात्रियों के साथ लूटपाट नहीं की गई। चार अपराधियों ने हथियार और चाकू के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि नावाडीह के पास जैसे ही बस पहुंची तो बस में सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर बस को रुकवा दिया। अपराधियों ने पहले हथियार से खलासी अब्दुल सत्तार का सिर फोड़ दिया। खलासी ने बताया कि बुंडू फ्लाईओवर के पास से दो स्कूली बच्चियों को बस में बैठाया गया था। जब वह लड़कियों से भाड़ा लेने पहुंचा, तो एक अपराधी ने सिर पर वार कर दिया। इससे वह बेहोश हो गया।

जंगल की ओर भाग गए अपराधी

बस चालक मो नौशाद ने बताया कि खलासी को घायल कर अपराधियों ने उस पर भी हमला कर दिया। उसने बस रोक दी। इसके बाद चारों अपराधी जंगल की ओर भाग निकले। घटना की सूचना पाकर ग्रामीण एसपी मनीष टोप्पो घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।

Related Articles

Back to top button