राज्य

जम्‍मू में भूस्खलन से बनिहाल में फंसे राजस्थान के कई छात्र, सेना ने सुरक्षित निकाला

जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और पत्थरों के गिरने से बनिहाल इलाके में फंसे राजस्थान लॉ कॉलेज के कई छात्रों और स्टाफ के सदस्यों को भारतीय सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया।

एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि 21 फरवरी को जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण भारी बर्फबारी और भूस्खलन के चलते सड़कों पर आवागमन ठप हो गया। जिससे कई यात्री राजमार्ग पर फंस गए थे। इनमें राजस्थान के उदयपुर स्थित मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज के सात स्टाफ सदस्य और 74 छात्र भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने अनुकरणीय सेवा और साहस दिखाते हुए विश्वविद्यालय उदयपुर के लॉ कॉलेज के घबराए छात्रों और अन्य स्टाफ सदस्यों को बचाया। सेना शिविर बनिहाल ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने सभी को प्राथमिकता से निकाला। जवानों ने फंसे कर्मचारियों और छात्रों को चिकित्सा सहायता, भोजन, आश्रय और अन्य जरूरत का सामान उपलब्ध कराया।

लॉ कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. कल्पेश निकवत ने भारतीय सेना के जवानों की कर्मठता और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने देश और उसके नागरिकों की सेवा के प्रति उनके अटूट समर्पण की सराहना भी की।

Related Articles

Back to top button