राज्य

आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को दो माह से नहीं मिला वेतन, नगर निगम के खिलाफ हड़ताल पर

झांसी। जनपद में बुधवार की सुबह सैकड़ों नगर निगम के कर्मचारियों ने इलाइट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। आउटसोर्सिंग पर लगे कर्मचारियों को दो माह से वेतन न मिलने पर सभी कर्मचारी शिवाजी नगर मुर्गा मछली मार्केट से होते हुए इलाइट पर प्रदर्शन करने के बाद नगर निगम पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर अपना वेतन दिलाए जाने की मांग की। सूचना पर नगर निगम के अधिकारी मौके पर जा पहुंचे और उनकी समस्या सुनने के बाद निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन बंद किया।

नगर निगम में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए लगभग 12 सौ कर्मचारी काम कर रहे है। बुधवार की सुबह करीब छह बजे सभी कर्मचारियों ने काम बंद कर मुर्गा मछली मार्केट पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए इलाइट चौराहा पहुंचे। वहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह देखते हुए नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों ने अधिकारियों से अपना दो माह का वेतन दिलाए जाने की मांग की।

उन्होंने बताया कि दो माह से वेतन न मिलने से उनका परिवार का भरण पोषण नहीं हो पा रहा है। इसके चलते उनकी आर्थिक स्थिति भी खराब हो गई है। अधिकारियों के आश्वासन पर सभी कर्मचारी नगर निगम परिसर पहुंच गए। जहां सभी की समस्या सुनने के बाद अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद सभी ने हड़ताल व प्रदर्शन समाप्त किया।

Related Articles

Back to top button