उत्तर प्रदेश

वाराणसी : पुलिस की भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक को वाहन ने रौंदा

वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के सड़क किनारे दौड़ लगा रहे एक युवक को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पूछताछ और छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पुलिस भर्ती की तैयारी को लेकर दौड़ लगा रहा था।

मिर्जामुराद पुरे बरियार निवासी रोशन पटेल (23) पुत्र केवलादेव पटेल पुलिस की भर्ती की तैयारियों के क्रम में प्रतिदिन कछवा रोड-कपसेठी मार्ग पर दौड़ लगाने जाता था। रोज की तरह वह शनिवार सुबह 4 बजे कछवा रोड-कपसेठी मार्ग पर दौड़ने गया था। दौड़ते हुए रोशन जैसे ही मिल्कीपुर पहुंचा तेज रफ्तार से आया वाहन उसे रौंदते हुए निकल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्रीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच घटना की जानकारी पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटना को लेकर जानकारी जुटाई गई। चौकी इंचार्ज राजकुमार वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संभावना जताई गई कि हादसा डंपर गाड़ी से हुआ है।

Related Articles

Back to top button