Thursday, September 19, 2024
No menu items!

पत्नी, सास के साथ दो बच्चों को मार डाला, ये देख दो बच्चों ने छिपकर बचाई अपनी जान

मधुबनी। निर्दयी युवक पवन महतो ने अपनी पत्नी, सास और दो मासूम बच्चों की पीट-पीट कर हत्या कर दी। हत्यारे का यह रूप देखकर दो बच्चों ने कंबल में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी फैलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर भीड़ को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस कैंप करने पहुंची है। घटना झंझारपुर थाना क्षेत्र के सुखेत गांव की है। पुलिस हत्यारे को पकड़ नहीं सकी है। बताया जा रहा है कि पवन महतो की पांच साल पहले शादी हुई थी। हत्या की वजह सामने नहीं आयी है। आरोपी दरभंगा के सदतपुर के अवाम गांव का निवासी है और उसने ससुराल में इस घटना को अंजाम दिया।

पवन की पत्नी पिंकी अपने पति से झंझट के बाद कुछ महीनों से मायके झंझारपुर के सुखेत गांव में रह रही थी। पति से उसका विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पवन महतो किसी को साथ लेकर ससुराल पहुंचा था। यहां उसने सोयी अवस्था में अपनी सास प्रमिला देवी (59 वर्ष) और पत्नी पिंकी (26 वर्ष) के साथ चार साल की बेटी प्रिया और छह महीने की बेटी प्रीति को कुंच-कुंच कर मार डाला। पुलिस ने घटनास्थल पर लहू से सने जांता (अनाज पीसने वाले पत्थर) और लकड़ी के उसके हैंडल को बरामद किया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, डीएसपी पवन कुमार, इंस्पेक्टर बीके ब्रजेश, थानाध्यक्ष रंजित कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नृशंस हत्या कांड के दौरान की एक बड़ी बात सामने आई है। हत्याकांड के वक्त दो और मासूम घर में मौजूद थे। इन दोनों ने अपनी सूझबूझ से जान बचा ली। दोनों मासूम बच्चे बेड के नीचे कंबल में छिप गए। हत्यारे को यह दोनों नहीं दिखे। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने दोनों को बाहर निकाला। दोनों ने जो खुलासा किया वह हैरान करने वाला था। दोनों ने कहा कि उनके फूफा ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर बुआ, दादी और दोनों फुफेरी बहनों को मार दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। झंझारपुर डीएसपी पवन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular